पुलिस अधीक्षक और अपर जिलाधिकारी ने व्यापारियों के साथ की मासिक बैठक, बाजारों में बढ़ेगी पुलिस गश्त और पैदल मार्च
संवाददाता
उरई/जालौन।
आगामी त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर बुधवार, 28 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट सभागार, उरई में मासिक बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक जालौन सुरेश चंद्र रावत और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला स्तरीय उद्योग बंधु, व्यापार बंधु एवं श्रम बंधु समितियों के पदाधिकारियों ने विभिन्न समस्याएं और सुझाव रखे।
बैठक में बाजारों की सुरक्षा, अतिक्रमण, यातायात व्यवस्था, पटरी दुकानदारों की समस्याओं और त्योहारों के दौरान भीड़ नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि जनपद के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस गश्त, पैदल मार्च और पिकेट ड्यूटी बढ़ाई जाएगी। त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस को विशेष निर्देश भी दिए गए।
रंगदारी और धमकी देने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने स्पष्ट किया कि व्यापारियों से रंगदारी मांगने या उन्हें धमकी देने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित थाना प्रभारियों और विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
व्यापारियों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, उपायुक्त उद्योग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापारी बंधु मौजूद रहे।