4 नवंबर को जालौन में होगा जिला स्तरीय युवा उत्सव

पांच विधाओं में होंगी प्रतियोगिताएं, 15 से 29 वर्ष तक के युवा ले सकेंगे भाग; माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य

संवाददाता
उरई/जालौन।

विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के अंतर्गत 4 नवंबर को राजकीय इंटर कॉलेज में जिला स्तरीय युवा उत्सव आयोजित किया जाएगा। ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ थीम पर होने वाले इस उत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग और कविता लेखन सहित पांच विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

युवा उत्सव की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी न्यायिक शत्रुहन पाठक ने कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने आयोजन की सभी तैयारियां समय से पूरी करने और अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

15 से 29 वर्ष के युवा ले सकेंगे भाग

प्रतियोगिता में जनपद के निवासी अथवा यहां अध्ययनरत 15 से 29 वर्ष तक के युवा हिस्सा ले सकेंगे। आयु की गणना 17 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। प्रतिभागियों के लिए माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक ही विधा में हिस्सा ले सकेगा। प्रतियोगिताओं में विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।

युवतियों की 30 प्रतिशत भागीदारी का लक्ष्य

आयोजन में युवतियों की कम से कम 30 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *