मदारपुर में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, बच्चों ने रैली निकालकर ग्रामीणों को किया जागरूक
संवाददाता
उरई/जालौन।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जनपद न्यायाधीश श्री विरजेन्द्र कुमार सिंह के आदेश के अनुपालन में ग्राम मदारपुर, कालपी में मध्यस्थता अभियान 3.0 के अंतर्गत विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। नायब तहसीलदार चंद्र मोहन शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में ग्रामीणों को आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से विवादों का समाधान करने के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर में ग्रामीणों को बताया गया कि मध्यस्थता के माध्यम से अदालतों में लंबित मुकदमों और पुराने विवादों का आपसी बातचीत, सहमति एवं समझौते के आधार पर सरल, त्वरित और कम खर्च में समाधान किया जा सकता है। इससे लोगों को लंबी और खर्चीली मुकदमेबाजी से राहत मिलती है। साथ ही, दोनों पक्षों की सहमति से विवाद सुलझने पर आपसी रिश्तों में कड़वाहट कम होती है और सामाजिक सौहार्द बना रहता है। मध्यस्थता की प्रक्रिया निष्पक्ष एवं गोपनीय होती है।
बालिकाओं को सरकारी योजनाओं और कानूनी अधिकारों की जानकारी
बालिका दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, उनके अधिकारों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध कानूनी सहायता का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान बच्चों ने रैली निकालकर ग्रामीणों को जागरूकता का संदेश दिया।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में लेखपाल योगेंद्र सिंह यादव, कानूनगो हरेंद्र सिंह सेंगर एवं पीएलबी कमलेश उपस्थित रहे। शिविर का संचालन ब्लॉक कदौरा के पीएलबी अरविंद कुमार पांडे ने किया।