जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने दिए समन्वय के निर्देश

स्वगणना की सुविधा 16 से 30 नवंबर तक, 1 दिसंबर से शुरू होगी जनसंख्या गणना

संवाददाता / कानपुर देहात

कानपुर देहात। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिलास्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी श्री कपिल सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में जनसंख्या गणना के सफल, सुचारु एवं समयबद्ध संचालन को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में बताया गया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत जनसंख्या गणना का कार्य 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक कराया जाएगा। इससे पूर्व नागरिकों को 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके माध्यम से नागरिक स्वगणना पोर्टल पर स्वयं तथा अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारी दर्ज कर सकेंगे।

गंभीरता, पारदर्शिता और शुद्धता के साथ हो जनगणना कार्य

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं शुद्धता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की महत्वपूर्ण सांख्यिकीय प्रक्रिया है। इसके आंकड़ों का उपयोग विभिन्न विकास योजनाओं, नीतियों एवं प्रशासनिक कार्यों के निर्माण तथा क्रियान्वयन में किया जाता है। ऐसे में जनगणना से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा जनगणना कार्य में लगाए जाने वाले कार्मिकों को आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में कार्मिकों के प्रशिक्षण, स्वगणना एवं जनसंख्या गणना के व्यापक प्रचार-प्रसार, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तथा अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।

स्वगणना के प्रति आमजन को जागरूक करने पर जोर

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वगणना की सुविधा के संबंध में आमजन को व्यापक स्तर पर जागरूक किया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस सुविधा का लाभ उठा सकें। इसके लिए विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि जनगणना कार्य से जुड़ी तैयारियों को समय से पूरा किया जाए और किसी भी स्तर पर समन्वय की कमी न रहने पाए। सभी विभाग आपसी सहयोग के साथ निर्धारित दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें, ताकि जनगणना की प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री दुष्यंत कुमार मौर्य, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट, जनगणना नोडल अधिकारी वर्तिका गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *