मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण में पुलिस ने महिलाओं को सुरक्षा, कानूनी अधिकार और साइबर अपराधों से बचाव की दी जानकारी
संवाददाता / कानपुर देहात
कानपुर देहात। मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत सोमवार को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंची पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में 112, महिला संबंधी सहायता के लिए 181 महिला हेल्पलाइन एवं 1090 महिला शक्ति लाइन, बच्चों की सहायता के लिए 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन तथा संबंधित शिकायतों के लिए 1076 पर संपर्क किया जा सकता है।
साइबर अपराधों से बचाव के बताए तरीके
जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं को UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं की जानकारी भी दी गई। पुलिस टीमों ने सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों, फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल तथा फर्जी खातों के जरिए होने वाली धोखाधड़ी से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में बताया।
पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं को किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी, पासवर्ड, ओटीपी या बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा न करने तथा संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने के लिए जागरूक किया।
कानूनी अधिकारों के प्रति भी किया जागरूक
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों के संबंध में भी जानकारी दी। पॉक्सो एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा साइबर अपराधों से संबंधित सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों के बारे में बताया गया।
पुलिस टीमों ने महिलाओं से संवाद करते हुए उन्हें किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न अथवा अपराध की स्थिति में चुप न रहने और बिना संकोच पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया।
कानपुर देहात पुलिस की ओर से बताया गया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या अथवा अपराध की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिस थाने अथवा संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना दें। अभियान के माध्यम से सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सशक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।