शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आठ लोगों का भी किया गया चालान
संवाददाता
कानपुर देहात।
जनपद में अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा और दो जिंदा कारतूस, जबकि दूसरे आरोपी के पास से 25 पाउच अवैध देशी शराब बरामद की। संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
विभिन्न मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, रूरा पुलिस ने चोरी सहित अन्य धाराओं में दर्ज मुकदमे के तीन आरोपियों अनुज कुमार उर्फ चारी, कौशल किशोर और अमित सिंह उर्फ छोटू निवासी गुटैहा को गिरफ्तार किया। वहीं, भोगनीपुर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में वांछित विवेक कुमार निवासी जुनैदपुर को पकड़ा।
सिकंदरा पुलिस ने मारपीट और गाली-गलौज के पुराने मुकदमे में वारंटी मुलायम निवासी गोपालपुर डेरा को गिरफ्तार किया। इसी क्रम में रसूलाबाद पुलिस ने दर्ज मुकदमे में वांछित कुंवर सिंह निवासी रिवरी को गिरफ्तार किया।
तमंचा, कारतूस और अवैध शराब बरामद
शिवली पुलिस ने अंकित यादव निवासी उसरिया को 315 बोर के एक अवैध तमंचे और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं, रसूलाबाद पुलिस ने रोहित कुमार उर्फ राजू निवासी सुंदरपुर को 25 पाउच अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
शांति व्यवस्था के लिए आठ लोगों का चालान
इसके अलावा, जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रूरा, भोगनीपुर, सट्टी, डेरापुर, मंगलपुर और शिवली थाना पुलिस ने कुल आठ व्यक्तियों के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत चालान की कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक, जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरोपियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।