एमसीएमसी गठित, निष्पक्ष मीडिया मॉनिटरिंग पर डीएम ने दिए सख्त निर्देश

विधान परिषद स्नातक निर्वाचन-2026 को लेकर राजनीतिक विज्ञापनों के प्री-सर्टिफिकेशन और पेड न्यूज पर रहेगी पैनी नजर

संवाददाता
उरई/जालौन

उरई। विधान परिषद स्नातक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी समीर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मॉनिटरिंग कमेटी (एमसीएमसी) की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मीडिया मॉनिटरिंग को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया सहित इंटरनेट और अन्य प्रचार माध्यमों पर प्रसारित होने वाली निर्वाचन संबंधी सामग्री पर निष्पक्ष एवं सतर्क निगरानी रखी जाए।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से राजनीतिक विज्ञापनों के पूर्व प्रमाणीकरण (प्री-सर्टिफिकेशन) की प्रक्रिया का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से संबंधित राजनीतिक विज्ञापन निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया के अनुसार ही प्रसारित हों। इसके लिए एमसीएमसी द्वारा लगातार निगरानी की जाए।

पेड न्यूज के मामलों पर भी रहेगी नजर

बैठक में संदिग्ध पेड न्यूज के मामलों की निगरानी पर भी विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने एमसीएमसी के सदस्यों को निर्देशित किया कि मीडिया में प्रकाशित या प्रसारित संदिग्ध सामग्री का निर्धारित प्रक्रिया के तहत परीक्षण किया जाए। प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध परीक्षण एवं अभिलेखीकरण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि यदि कोई आपत्तिजनक, भ्रामक अथवा निर्वाचन नियमों के विपरीत सामग्री संज्ञान में आती है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने समिति के सदस्यों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता के साथ अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।

एमसीएमसी की भूमिका के तहत जिला स्तर पर राजनीतिक विज्ञापनों के पूर्व प्रमाणीकरण के साथ-साथ मीडिया में संभावित पेड न्यूज की निगरानी की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान मीडिया से संबंधित गतिविधियों में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्वाचन आचार नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना है।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजीव राज, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) शत्रुहन पाठक, उप जिलाधिकारी (न्यायिक) कालपी संजय कुमार, अपर जिला सूचना अधिकारी एवं सदस्य सचिव पंकज कुमार तथा दूरदर्शन पत्रकार एवं सदस्य संजय कुमार गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *