नवीन गल्ला मंडी में धूमधाम से संपन्न हुआ मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद
संवाददाता
उरई/जालौन
उरई। नवीन गल्ला मंडी, कालपी रोड, उरई में गुरुवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 714 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर वैवाहिक जीवन में प्रवेश किया। विभिन्न धर्मों एवं समुदायों के जोड़ों ने अपनी-अपनी परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह की रस्में पूरी कीं। इस दौरान पूरा परिसर मंगलगीत, वैवाहिक रस्मों और खुशियों से सराबोर नजर आया।
समारोह में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की। नवविवाहित जोड़ों को विवाह प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए। बड़ी संख्या में वर-वधू के परिजन एवं गणमान्य नागरिक इस यादगार अवसर के साक्षी बने।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत : गौरीशंकर वर्मा
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत है। सरकार बेटियों के सम्मान, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन सामाजिक समानता, सहयोग एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं तथा जरूरतमंद परिवारों को सम्मानपूर्वक विवाह संपन्न कराने का अवसर प्रदान करते हैं।
योजना ने कम की गरीब परिवारों की चिंता : मूलचंद्र निरंजन
माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन ने कहा कि गरीब परिवारों के लिए बेटियों का विवाह कई बार बड़ी आर्थिक चुनौती बन जाता है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना ने ऐसे परिवारों की चिंता काफी हद तक कम की है। उन्होंने कहा कि एक ही परिसर में विभिन्न समुदायों के जोड़ों का अपनी-अपनी परंपराओं के अनुसार विवाह संपन्न होना सामाजिक एकता एवं भाईचारे की सुंदर मिसाल है।
सामाजिक समरसता को मिल रहा बढ़ावा : विनोद चतुर्वेदी
कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक समरसता को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण पहल है। योजना के माध्यम से समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों को सम्मान के साथ अपनी बेटियों का विवाह संपन्न कराने का अवसर मिल रहा है।
अंतिम पायदान तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ : डॉ. घनश्याम अनुरागी
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना समाज के अंतिम पायदान पर खड़े परिवारों तक शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रही है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह समारोह सामाजिक सद्भाव, समानता एवं आपसी भाईचारे का संदेश देते हैं।
पात्र कन्या के खाते में डीबीटी से 64 हजार रुपये : जिलाधिकारी
जिलाधिकारी समीर ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत पात्र कन्या के खाते में 64 हजार रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध कराई जाती है। इसके अलावा 21 हजार रुपये विवाह सामग्री तथा 15 हजार रुपये विवाह आयोजन की व्यवस्थाओं पर व्यय किए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग प्रदान करने के साथ उन्हें सम्मानजनक वैवाहिक जीवन की शुरुआत का अवसर उपलब्ध कराना है।
समारोह के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को विवाह प्रमाणपत्र प्रदान किए और उन्हें सुखी एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) शत्रुहन पाठक, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी संजय श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में वर-वधू के परिजन मौजूद रहे।