मतदाताओं को प्रलोभन, भय या दबाव में प्रभावित करने पर रोक; 33 प्रस्तावित मतदेय स्थलों पर राजनीतिक दलों ने जताई सहमति
संवाददाता
उरई/जालौन
उरई। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन-2026 को लेकर जनपद में 22 सितंबर 2026 से आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी समीर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों एवं अभ्यर्थियों से कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी मतदाता को प्रलोभन देना, भय या दबाव में प्रभावित करना अथवा निर्वाचन की निष्पक्षता को प्रभावित करने वाला कोई भी कार्य स्वीकार्य नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दल निर्वाचन की गरिमा बनाए रखते हुए निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही प्रचार-प्रसार तथा अन्य निर्वाचन संबंधी गतिविधियां संचालित करें। बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आदर्श आचार संहिता के अनुपालन से संबंधित दिशा-निर्देशों की प्रतियां भी उपलब्ध कराई गईं।
33 प्रस्तावित मतदेय स्थलों पर हुई चर्चा
बैठक में इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन के लिए प्रस्तावित 33 मतदेय स्थलों की सूची पर भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रस्तावित सभी मतदेय स्थल शासकीय भवनों में स्थित हैं तथा वहां आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं।
प्रस्तावित मतदेय स्थलों को लेकर किसी भी राजनीतिक दल की ओर से कोई आपत्ति अथवा सुझाव प्राप्त नहीं हुआ। सभी उपस्थित प्रतिनिधियों ने प्रस्तावित मतदेय स्थलों पर अपनी सहमति व्यक्त की।
स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव प्रशासन की प्राथमिकता
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूरी तरह पालन करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपील की।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजीव राज, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) शत्रुहन पाठक, शांति स्वरूप महेश्वरी सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में भारतीय जनता पार्टी के निर्वाचन प्रतिनिधि, बहुजन समाज पार्टी के जिला सचिव भगवती शरण पांचाल, सीपीआईएम के जिला सचिव विनोद कुमार नगरिया, कांग्रेस की शहर अध्यक्ष ज्योति त्रिपाठी, समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव जमालुद्दीन, कांग्रेस की जिला अध्यक्ष शुकन्तला तिवारी, अनिल कुदारी जिलाध्यक्ष सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।