उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने महिला सुरक्षा, शिक्षा एवं सशक्तिकरण पर दिया विशेष जोर

संवाददाता | कानपुर देहात

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय उपाध्यक्ष (उपमंत्री स्तर प्राप्त) श्रीमती चारू चौधरी के जनपद भ्रमण के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया।

जनपद भ्रमण के दौरान अकबरपुर बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती चारू चौधरी ने छात्राओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बेटियां प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और निरंतर परिश्रम, दृढ़ संकल्प तथा सकारात्मक सोच के बल पर कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

उन्होंने छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने की सलाह देते हुए सोशल मीडिया के सकारात्मक एवं नकारात्मक पहलुओं की जानकारी दी। साथ ही डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने का संदेश दिया। उन्होंने इंटरमीडिएट के बाद भी उच्च शिक्षा जारी रखने तथा जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश सरकार की अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग योजना की जानकारी देते हुए छात्राओं से इसका लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी ने स्वामी विवेकानंद के प्रेरणादायक विचार—“उठो, जागो और तब तक न रुको, जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए”—के माध्यम से छात्राओं का उत्साहवर्धन किया तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

इसके बाद माननीय उपाध्यक्ष ने विद्यालय की प्रयोगशाला का निरीक्षण किया तथा प्राथमिक विद्यालय द्वितीय, अकबरपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र समय से पूर्व बंद मिला। वहीं उपस्थिति पंजिका और वास्तविक रूप से उपस्थित विद्यार्थियों की संख्या में अंतर पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं प्रधानाध्यापिका को व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।

इसके उपरांत सर्किट हाउस, माती स्थित सभागार में उनकी अध्यक्षता में महिला जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक आयोजित हुई। जनसुनवाई के दौरान महिलाओं से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों के 20 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। उन्होंने सभी शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही महिला सुरक्षा, संरक्षण एवं कल्याण से जुड़ी सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र लाभार्थियों तक उनका लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।

जनपद भ्रमण के दौरान श्रीमती चारू चौधरी ने रनियां स्थित वृद्धाश्रम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां निवासरत वरिष्ठ नागरिकों की सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक एवं विभिन्न कार्यक्रमों में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर, प्रभारी निरीक्षक अकबरपुर, थानाध्यक्ष महिला थाना, जिला प्रोबेशन कार्यालय के सेंटर मैनेजर, जिला मिशन समन्वयक, जेंडर स्पेशलिस्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में माननीय उपाध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *