चेहल्लुम पर्व के मद्देनजर कानपुर देहात में चला एंटी-सैबोटाज चेकिंग अभियान

संवाददाता
कानपुर देहात

चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने तथा जनपद में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में व्यापक एंटी-सैबोटाज चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के तहत एंटी-सैबोटाज चेक टीम, डॉग स्क्वाड एवं स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से जिला एवं सत्र न्यायालय माती के मुख्य प्रवेश द्वार एवं न्यायालय परिसर, तहसील कार्यालय एवं उसके परिसर तथा पुखरायां रेलवे स्टेशन पर सघन सुरक्षा जांच की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों तथा लावारिस एवं संदिग्ध वस्तुओं की गहन तलाशी ली गई। सुरक्षा उपकरणों की सहायता से संवेदनशील स्थानों का बारीकी से निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।

चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर आने-जाने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी आवश्यक बिंदुओं की समीक्षा करते हुए संबंधित पुलिस कर्मियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य चेहल्लुम पर्व के दौरान शांति, सौहार्द एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना, किसी भी संभावित अप्रिय घटना की रोकथाम करना तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम रखना रहा। जनपद पुलिस ने पूरे अभियान के दौरान उच्च स्तर की सतर्कता के साथ सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर प्रभावी चेकिंग सुनिश्चित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *