ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण, एफएलसी कार्य में पारदर्शिता के निर्देश

डीएम कपिल सिंह ने सुरक्षा, सीसीटीवी, साफ-सफाई व रखरखाव का लिया जायजा, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी एफएलसी प्रक्रिया की जानकारी

संवाददाता / कानपुर देहात

कानपुर देहात। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्री कपिल सिंह ने सोमवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों, साफ-सफाई एवं रखरखाव की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने ईवीएम वेयरहाउस में चल रहे एफएलसी (फर्स्ट लेवल चेकिंग) कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने एफएलसी प्रक्रिया से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को निर्धारित मानकों एवं भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी प्रक्रिया संपन्न कराने के निर्देश दिए।

निर्धारित प्रक्रिया और प्रोटोकॉल के अनुसार हो एफएलसी कार्य

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं एफएलसी प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने निर्देशित किया कि ईवीएम की फर्स्ट लेवल चेकिंग का कार्य निर्धारित प्रक्रिया, मानकों और पारदर्शिता के साथ कराया जाए। साथ ही पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था एवं निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लगातार दुरुस्त रखा जाए। उन्होंने एफएलसी कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर नियमानुसार पूरा कराने पर भी जोर दिया।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, परियोजना निदेशक डीआरडीए/प्रभारी अधिकारी ईवीएम अनिरूद्ध प्रताप सिंह, सहायक निर्वाचन अधिकारी गिरिवर प्रसाद श्रीवास्तव, रामसेवक वर्मा, सुभाष चन्द्र शर्मा, कृपा शंकर, जयगोविन्द सिंह सहित निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

राजनीतिक दलों की ओर से भाजपा से श्याम बिहारी शुक्ला, समाजवादी पार्टी से शेखू खान एवं बृजमोहन, बहुजन समाज पार्टी से शिवबीर सिंह, आम आदमी पार्टी से रामशंकर पाल एवं संजय कुमार तथा कांग्रेस पार्टी से गोविंद यादव उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *