1 नवंबर को जालौन में लगेगा मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर

एक ही स्थान पर मिलेंगे सरकारी योजनाओं के लाभ, विभिन्न विभाग लगाएंगे अलग-अलग कैंप

संवाददाता
उरई/जालौन

उरई। समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को विधिक रूप से सशक्त बनाने तथा उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने के उद्देश्य से 1 नवंबर 2026 को जनपद जालौन में मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने बताया कि शिविर को सफल बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

मेगा शिविर में जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित प्रशासनिक, जनकल्याणकारी एवं कार्यकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके साथ ही पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर उन्हें संबंधित योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी मौके पर सुनिश्चित की जाएगी।

एक ही स्थान पर लगेंगे विभिन्न विभागों के कैंप

मेगा शिविर की प्रमुख विशेषता यह होगी कि विभिन्न विभागों के अलग-अलग कैंप एक ही स्थान पर लगाए जाएंगे। इससे आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ अपनी पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलेगी।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से बताया गया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद एवं पात्र लोगों तक विधिक सहायता, उनके अधिकारों की जानकारी तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

इसके लिए संबंधित विभागों को अपने-अपने स्तर पर योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को चिन्हित करने तथा शिविर के संबंध में अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए जा रहे हैं। विभागों द्वारा अपने कैंप के माध्यम से योजनाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के साथ पात्र लोगों को लाभान्वित करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

आमजन को एक ही मंच पर मिलेगी कई सेवाओं की जानकारी

मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के माध्यम से आमजन को एक ही मंच पर विभिन्न विभागों से जुड़ी सरकारी सेवाओं, योजनाओं और विधिक सहायता की जानकारी प्राप्त हो सकेगी। पात्र लोगों को मौके पर संबंधित योजनाओं से लाभान्वित किए जाने की व्यवस्था भी की जाएगी।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनपदवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर विधिक सहायता एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *