संवाददाता | उरई/जालौन
दिनांक 07 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत इकलासपुरा चौराहा (अटल चौक) उरई पर सीट-बेल्ट एवं हेलमेट के प्रयोग को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति सजग करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा।
इस जागरूकता कार्यक्रम में राजेश कुमार (सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी-प्रवर्तन), बीर बहादुर सिंह (यातायात प्रभारी), अजय इटौरिया (प्रबंधक, एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल), डॉ. नरेश वर्मा (अध्यक्ष, रेड क्रॉस सोसाइटी), लक्ष्मणदास बबानी (सभासद/सद्भावना एकता मंच), अब्दुल अलीम खान (गुड सेमेरिटन पुरस्कार से सम्मानित समाजसेवी), महावीर तरसौलिया (रेड क्रॉस सोसाइटी), हम्माद अहमद शानू सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी राजेश कुमार ने दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों एवं राहगीरों से अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन न केवल हमारे जीवन की रक्षा करता है, बल्कि हमारे परिवार को भी असहनीय पीड़ा से बचाता है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाकर ही हम एक विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे सकते हैं।
नियम पालन करने वालों का सम्मान
जागरूकता अभियान के दौरान हेलमेट व सीट-बेल्ट पहनकर वाहन चलाने वाले चालकों को माला पहनाकर एवं पुष्प देकर सम्मानित किया गया। वहीं बिना हेलमेट व सीट-बेल्ट वाहन चलाने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में नियमों का पालन करने का आग्रह किया गया।
नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशे की हालत में वाहन चलाना, तेज गति, स्टंट करना अथवा यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालक के विरुद्ध कठोर प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।