संवाददाता | उरई/जालौन
गौवंश संरक्षण को लेकर प्रशासन की संवेदनशीलता का परिचय देते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विकासखंड डकोर के ग्राम नुनसाईं स्थित गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शीतलहर से बचाव के उद्देश्य से गौवंशों को काऊ कोट पहनाए तथा स्नेहपूर्वक गुड़ खिलाकर उनके स्वास्थ्य एवं पोषण की स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौशाला में उपलब्ध चारा, पेयजल, साफ-सफाई एवं ठंड से बचाव की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गौवंशों की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि गौवंश संरक्षण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और सभी गौशालाओं में निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने गौशाला प्रबंधन समिति को निर्देशित किया कि नियमित निरीक्षण कर गौवंशों के स्वास्थ्य की सतत निगरानी की जाए तथा शीतलहर को देखते हुए सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते पूरे किए जाएं, ताकि गौवंश सुरक्षित, स्वस्थ एवं संरक्षित रह सकें।
मौके पर उपस्थित अधिकारी
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के०के० सिंह, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, ग्राम प्रधान, कार्यक्रम अधिकारी शरद अवस्थी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।