जनपद की पांचों तहसीलों में 146 फरियाद, 37 का मौके पर ही निस्तारण; डीएम ने अफसरों को दिए त्वरित और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश
संवाददाता | उरई/जालौन
जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर जिला प्रशासन की गंभीरता शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में साफ दिखाई दी। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने तहसील उरई सभागार में दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। फरियादियों ने अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिस पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनपद की पांचों तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 146 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 37 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को तत्काल राहत प्रदान की गई।
तहसीलवार प्राप्त एवं निस्तारित शिकायतों की स्थिति के अनुसार उरई तहसील में 32 शिकायतों में से 10 का मौके पर समाधान किया गया। वहीं कालपी में प्राप्त 48 शिकायतों में से 12, कोंच में 18 में से 04, जालौन में 27 में से 06 तथा माधौगढ़ में प्राप्त 21 शिकायतों में से 05 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का निस्तारण प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में मौके पर ही समाधान संभव है, उनमें किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब नहीं किया जाना चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित शिकायतों पर व्यक्तिगत रुचि लेकर कार्रवाई करें तथा शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि शिकायतों के समाधान में औपचारिकता के बजाय वास्तविक समस्या के निराकरण पर ध्यान दिया जाए।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने भी पुलिस विभाग से संबंधित मामलों को लेकर अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस से संबंधित शिकायतों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया।
संपूर्ण समाधान दिवस में मौके पर हुए 37 शिकायतों के निस्तारण से फरियादियों को तत्काल राहत मिली। वहीं शेष शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी के प्रति गंभीर रहने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी उत्तम कुमार तिवारी, सीओ सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।