आयुष्मान आरोग्य मंदिर शहजादपुर में विटामिन ‘ए’ कार्यक्रम का शुभारम्भ

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने फीता काटकर किया उद्घाटन, बच्चों को पिलाई गई विटामिन-ए की खुराक

संवाददाता — कानपुर देहात

जनपद कानपुर देहात में दिनांक 26 दिसंबर 2025 से 24 जनवरी 2026 तक “विटामिन-ए सम्पूरण कार्यक्रम” संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 26.12.2025 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा० ए०के० सिंह द्वारा आयुष्मान आरोग्य मंदिर उपकेन्द्र शहजादपुर में फीता काटकर कार्यक्रम का विधिवत शुभारम्भ किया गया।

शुभारम्भ अवसर पर उपकेन्द्र शहजादपुर में 70 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाई गई। इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अकबरपुर के चिकित्सा अधीक्षक डा० आई०एच० खान, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी राजीव कुमार, प्रतिरक्षण अधिकारी नरेन्द्र तिवारी, पर्यवेक्षक जयंत कुमार, जे०एस०आई० के जिला समन्वयक रंजन त्रिवेदी, यूनिसेफ से प्रिया शर्मा, डब्ल्यू०एच०ओ० से राजेश त्रिपाठी, जिला वैक्सीन स्टोर इंचार्ज अवधेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

टीकाकरण सत्र में उपकेन्द्र शहजादपुर पर तैनात स्टाफ सीमा यादव (सीएचओ), सुशमांजिका (एएनएम), आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया।

विटामिन-ए सम्पूरण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में 09 माह से 01 वर्ष तक के 20,159 बच्चों को 01 एमएल तथा 01 वर्ष से 05 वर्ष तक के 1,59,527 बच्चों को 02 एमएल विटामिन-ए की खुराक पिलाई जानी है। कार्यक्रम की प्रभावी निगरानी हेतु समस्त विकास खंडों में अपर एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को नोडल अधिकारी के रूप में तैनात किया गया है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया गया कि विटामिन-ए की कमी से रतौंधी, अंधापन, रोग प्रतिरोधक क्षमता में कमी, लंबे समय तक बीमारियों का बने रहना, कुपोषण एवं मृत्यु दर में वृद्धि जैसे गंभीर दुष्परिणाम हो सकते हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनसामान्य से अपील की कि 09 माह से 05 वर्ष तक के सभी बच्चों को नियमित टीकाकरण सत्रों पर आशा एवं एएनएम से संपर्क कर विटामिन-ए की खुराक अवश्य दिलवाएं, जिससे बच्चों को स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य प्रदान किया जा सके।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *