55 वाहनों पर रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप, 23 वाहनों का चालान
उरई | दिनांक 24 दिसम्बर 2025 (सू.वि.)
परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश, लखनऊ एवं जिलाधिकारी जालौन द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में आज दिनांक 24 दिसम्बर 2025 को वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) सुरेश कुमार द्वारा जनपद जालौन के विभिन्न स्थलों— जोल्हूपुर मोड़, आटा टोल प्लाजा, गोविन्दम एवं मेडिकल तिराहा (उरई)—पर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान बिना रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप के संचालित पाए गए 55 वाहनों पर रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप लगवाने की कार्यवाही की गई। साथ ही नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े 23 वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।
कोहरे के दृष्टिगत सभी वाहन चालकों को रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप लगाकर वाहन संचालन करने की सलाह दी गई तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान चालकों को निम्नलिखित आवश्यक निर्देश दिए गए—
-
वाहन हमेशा वैध प्रपत्रों के साथ चलाएं
-
दोपहिया वाहन चालक हेलमेट एवं चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का अनिवार्य प्रयोग करें
-
नशे की अवस्था में वाहन न चलाएं
-
वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें
-
ओवरस्पीडिंग एवं गलत दिशा में वाहन संचालन से बचें
-
बिना नंबर प्लेट के वाहन न चलाएं
अधिकारियों द्वारा सड़क सुरक्षा से संबंधित अन्य नियमों की भी जानकारी देते हुए अपील की गई कि यातायात नियमों का पालन कर स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय दुर्घटना से बचा जा सके।