संवाददाता | उरई/जालौन
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर जल योजना की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पेयजल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनवरी माह में हर हाल में जलापूर्ति व्यवस्था में ठोस सुधार दिखाई देना चाहिए।
समीक्षा के दौरान अवगत कराया गया कि योजना के अंतर्गत जनपद में लगभग 1600 किलोमीटर सड़कों की खुदाई की गई थी, जिसमें से 1260 किलोमीटर सड़कों का पुनर्निर्माण पूर्ण किया जा चुका है। जबकि 264 ग्राम पंचायतों में लगभग 330 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य अभी अवशेष है। इस पर जिलाधिकारी ने कार्यदायी एजेंसियों जीवीपीआर एवं बीजीसीसी को निर्देश दिए कि 31 जनवरी तक प्रत्येक ग्राम पंचायत में सड़क पुनर्निर्माण कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण कराया जाए।
बैठक में यह भी सामने आया कि निर्माण कार्यों के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से कई गांवों में बीते चार माह से जलापूर्ति बाधित है। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग एवं संबंधित निर्माण खंडों को निर्देशित किया कि ग्राम कुरकुरू, करथरा, गुढ़ा, सिमरिया, टीहर, धनजा एवं गिरथान सहित सभी प्रभावित गांवों में जनवरी माह के भीतर क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों की मरम्मत कर जलापूर्ति बहाल की जाए।
जिलाधिकारी ने पुलिया एवं कल्वर्ट निर्माण के दौरान पाइपलाइन क्षति की लगातार सामने आ रही घटनाओं पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि भविष्य में सभी निर्माण प्राक्कलनों में पाइपलाइन शिफ्टिंग को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए। साथ ही उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिया कि किसी भी खुदाई कार्य से पूर्व प्रतिदिन व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से कार्य योजना साझा की जाए, जिससे आपसी समन्वय स्थापित कर क्षति से बचा जा सके।
विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि कोटा मुस्तकिल पेयजल योजना के अंतर्गत इंटेकवेल एवं जल शोधन संयंत्र को स्वतंत्र विद्युत फीडर से जोड़ा जाना आवश्यक है, ताकि लो वोल्टेज की समस्या समाप्त हो सके। इसके अतिरिक्त सहाव, धनौरा कलां, सरावन, सारंगपुर, मिझौना, सिंगपुरा एवं चतेला नलकूप पेयजल योजनाओं में स्थापित ट्रांसफॉर्मरों पर दो दिन के भीतर विद्युत आपूर्ति शुरू कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को मैनपॉवर बढ़ाकर सड़क पुनर्निर्माण, पाइपलाइन मरम्मत एवं जलापूर्ति कार्यों में तेजी लाने की सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि हर घर जल योजना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता नमामि गंगे (ग्रामीण) गुप्ता, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।