जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद की विभिन्न तहसीलों में कंबल वितरण एवं अलाव व्यवस्था का निरीक्षण

शीतलहर से बचाव हेतु प्रशासन सतर्क, जरूरतमंदों को दी जा रही राहत

संवाददाता
कानपुर देहात

जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में शीतलहर एवं कड़ाके की ठंड के दृष्टिगत जनपद की विभिन्न तहसीलों में जरूरतमंद एवं निराश्रित व्यक्तियों को कंबल वितरित कराए गए। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर जलाए जा रहे अलावों की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया गया।

यह कार्य संबंधित तहसीलों के तहसीलदारों एवं उप जिलाधिकारियों द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रैन बसेरों, प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार क्षेत्रों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाने की व्यवस्था का जायजा लिया तथा यह सुनिश्चित किया कि ठंड से बचाव हेतु अलाव नियमित रूप से एवं सुरक्षित ढंग से जलाए जा रहे हैं।

कंबल वितरण के दौरान अधिकारियों द्वारा निर्देश दिए गए कि कोई भी पात्र जरूरतमंद व्यक्ति सहायता से वंचित न रहे। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि कंबल वितरण की प्रक्रिया पारदर्शी हो तथा सहायता वास्तविक लाभार्थियों तक समय से पहुंचे।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शीतलहर के दौरान जनसामान्य, विशेषकर वृद्धजनों, असहायों एवं निराश्रित व्यक्तियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निरंतर भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने एवं आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन द्वारा ठंड से बचाव हेतु की जा रही इन व्यवस्थाओं से जरूरतमंद लोगों को राहत मिल रही है तथा जनपद प्रशासन पूरी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ जनहित में कार्य कर रहा है

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *