उरई/जालौन।
अग्निशमन सेवा सप्ताह के अंतर्गत दिनांक 15 अप्रैल 2025 को मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरविन्द कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद के विभिन्न अग्निशमन केंद्रों द्वारा स्कूलों में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को अग्निशमन उपकरणों के उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया तथा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसके साथ ही चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी की उपस्थिति में पार्थ फाइंडर इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 6, 7 एवं 8 के विद्यार्थियों के लिए निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभाग करने वाले बच्चों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
इसी क्रम में अग्निशमन अधिकारी उरई द्वारा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, स्टेशन रोड उरई तथा मॉर्निंग स्टार हायर सेकेंडरी स्कूल, करमेर रोड उरई में प्रशिक्षण एवं मॉक ड्रिल कराई गई। वहीं जालौन, कोंच, कालपी एवं माधौगढ़ क्षेत्रों में स्थित विभिन्न विद्यालयों—एमएलबी इंटर कॉलेज चुर्खीवाल, एवेन्जर पब्लिक स्कूल लौना कोंच, फातिमा माता स्कूल कालपी तथा भीमराव अंबेडकर जूनियर हाई स्कूल माधौगढ़—में भी अग्निशमन अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आग लगने की स्थिति में क्या करें और क्या न करें, इसकी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। बताया गया कि धुएं की स्थिति में नाक और मुंह को गीले कपड़े से ढकें तथा नीचे झुककर चलें, क्योंकि जहरीली गैसें ऊपर की ओर एकत्र होती हैं। साथ ही आग के पास ज्वलनशील सामग्री को हटाने की सलाह दी गई।
अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिए कि विद्युत उपकरणों पर अधिक भार न डालें, आग लगने की स्थिति में लिफ्ट का प्रयोग न करें तथा आग बढ़ने पर बुझाने के बजाय सुरक्षित स्थान पर पहुंचने का प्रयास करें।