समाधान दिवस में 29 शिकायतें, आठ का मौके पर निस्तारण

डीएम व एसपी ने अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

संवाददाता, उरई/जालौन
तहसील कोंच के तहसील सभागार में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी ढंग से निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

समाधान दिवस के दौरान कुल 29 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से आठ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण तय समय सीमा में होना चाहिए और किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य यही है कि आमजन बिना संकोच अपनी समस्याएं रख सकें और प्रशासन उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल करे।

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जमीन विवाद, घरेलू हिंसा, धोखाधड़ी, असामाजिक तत्वों की गतिविधियां तथा शांति भंग से संबंधित मामलों में तुरंत प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, उपजिलाधिकारी, सीओ, प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *