विद्यालय परिवहन सुरक्षा को लेकर बैठक आयोजित, समितियों के गठन व मानकों के पालन के निर्देश

संवाददाता — उरई/जालौन

परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में रानी लक्ष्मीबाई सभागार, विकास भवन उरई में जिला विद्यालय परिवहन यान सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों की समीक्षा करते हुए विद्यालयी परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित व मानक अनुरूप बनाने पर विशेष जोर दिया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन विद्यालयों में परिवहन सुरक्षा समितियों का गठन हो चुका है, वे शासनादेश के अनुसार प्रत्येक त्रैमास में बैठक आयोजित करें। वहीं जिन विद्यालयों ने अभी तक समिति का गठन नहीं किया है, उन्हें 15 दिवस के भीतर समिति गठित कर सूचना जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, जिनमें—

  • वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाना

  • वाहन पर प्रबंधक, प्रधानाचार्य, चालक व परिचालक के मोबाइल नंबर अंकित करना

  • गति सीमा नियंत्रित रखना एवं नशे की हालत में वाहन न चलाना

  • चालकों का नेत्र व शारीरिक परीक्षण समय-समय पर कराना

  • रॉन्ग साइड ड्राइविंग से बचना

  • विद्यालय यान से भिन्न वाहनों में छात्रों को न ले जाना तथा अनुबंध सुनिश्चित करना

  • चालक-परिचालक का पुलिस वेरिफिकेशन व लाइसेंस सत्यापन

  • वाहनों की फिटनेस की सघन जांच

  • विद्यालयी वाहनों में सहायक की उपलब्धता सुनिश्चित करना

साथ ही अभिभावकों को भी निर्देशित किया गया कि वे अपने बच्चों को केवल उपयुक्त व मानक अनुरूप वाहनों से ही विद्यालय भेजें। बैठक में जलशक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान ने विद्यालयी वाहनों के आवागमन में आने वाली बाधाओं का मुद्दा उठाते हुए उनके समाधान पर बल दिया।

अंत में सचिव, जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति/सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया।

बैठक में विधायक कालपी विनोद चतुर्वेदी, मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, परिवहन व यातायात अधिकारी, नगर पालिका प्रतिनिधि, समाजसेवी, विद्यालयों के प्रबंधक व प्रधानाचार्य सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *