मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना के तहत जिला औद्यानिक समिति की बैठक सम्पन्न
संवाददाता – उरई/जालौन
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना के अंतर्गत जिला औद्यानिक समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिला उद्यान अधिकारी द्वारा योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। बताया गया कि योजना के तहत बागवानी फसलों—पपीता, करौंदा, बेल, बेर, आंवला एवं कटहल—का 6 हेक्टेयर क्षेत्रफल में विस्तार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त संकर शाकभाजी 50 हेक्टेयर, प्याज की खेती 50 हेक्टेयर, 2800 रनिंग मीटर तारबंदी, शाकभाजी हेतु 3 हेक्टेयर में मचान निर्माण तथा 2 ईको-फ्रेंडली लाइट ट्रैप की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बागवानी फसलों को प्रोत्साहित कर अधिक से अधिक कृषकों को औद्यानिक विकास योजनाओं से जोड़ा जाए, जिससे किसानों की आय में सतत वृद्धि सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि बागवानी क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं और योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुँचाना अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में समिति द्वारा वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना के अंतर्गत प्रस्तावित भौतिक एवं वित्तीय लक्ष्यों को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। इस अवसर पर यह भी जानकारी दी गई कि उद्यान विभाग कार्यालय में 05 फरवरी 2026 को प्रातः 11 बजे कृषक मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भाग लेने वाले कृषकों को निःशुल्क संकर शाकभाजी बीज उपलब्ध कराए जाएंगे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी अवनीश सिंह, अनुज पालीवाल (नगरीय क्षेत्र/स्थानीय निकाय—डूडा), सुभाष द्विवेदी, मो. मुस्तफा (समन्वयक, कृषि विज्ञान) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।