जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों ने दिलाई सड़क सुरक्षा की शपथ, एनसीसी कैडेट हुए सम्मानित
संवाददाता – उरई/जालौन
‘‘राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह’’ (01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026) का भव्य समापन समारोह पुलिस लाइन सभागार, उरई में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता, दुर्घटनाओं में कमी तथा यातायात अनुशासन को लेकर पूरे माह किए गए प्रयासों की सराहना की गई।
समारोह में मा० जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, मा० विधायक सदर गौरीशंकर वर्मा, मा० विधायक माधौगढ़ मूलचन्द्र निरंजन, मा० विधायक कालपी विनोद चतुर्वेदी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह सहित अनेक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सतत जनआंदोलन है। आमजन की सहभागिता, छात्र-छात्राओं की सक्रिय भूमिका तथा विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से ही सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है। उन्होंने यातायात नियमों के पालन को जीवन सुरक्षा का मूल मंत्र बताते हुए जागरूकता अभियानों को और अधिक सशक्त बनाने पर बल दिया।
बताया गया कि पूरे माह यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता में एनएसएस एवं एनसीसी के छात्र-छात्राओं का विशेष योगदान रहा, जिसके सकारात्मक परिणामस्वरूप जनवरी माह में सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई।
समारोह के दौरान सड़क सुरक्षा माह में सहयोग प्रदान करने वाले विभिन्न विभागों, स्टेकहोल्डर्स, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों, वाहन विक्रेताओं/डीलरों तथा एनएसएस व एनसीसी स्वयंसेवकों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई और ‘‘राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह’’ का औपचारिक समापन किया गया।
इस अवसर पर सुरेश कुमार (वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी – प्रशासन/प्रवर्तन), राजेश कुमार (सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी – प्रवर्तन प्रथम दल), चन्द्रप्रकाश (बेसिक शिक्षा अधिकारी), वीर बहादुर सिंह (यातायात प्रभारी), यूपीडा व एनएचएआई के पदाधिकारी, जनपद के वाहन विक्रेता/डीलर्स (टाटा, टोयोटा, टीवीएस, हीरो, होंडा आदि) के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।