संवाददाता | कानपुर देहात
कानपुर देहात।
जिला उद्यान अधिकारी डॉ. बल्देव प्रसाद द्वारा विकास खंड मलासा के ग्राम डीध स्थित चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित हाईटेक नर्सरी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि हाईटेक नर्सरी में गर्मी के मौसम की सब्जियों की उन्नत, स्वस्थ एवं रोगमुक्त पौध तैयार की जा रही है।
हाईटेक नर्सरी में कलश, वापना, वीएनआर, नामधारी आदि कंपनियों के संकर बीजों की बुआई कार्यदायी संस्था एवं उद्यान विभाग के तकनीकी सहयोग से माँ भगवती स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा की जा रही है। नर्सरी में लौकी, तरोई, करेला, खीरा, कद्दू, खरबूज, तरबूज, मिर्च एवं टमाटर जैसी सब्जियों की पौध तैयार की जा रही है।
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि यह पौध 20 से 25 दिन में बिक्री एवं रोपण के लिए तैयार हो जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि प्रति इकाई अधिक लाभ प्राप्त करने के लिए हाईटेक नर्सरी में तैयार उन्नत व रोगमुक्त पौध का रोपण करें, जिससे उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो सके।
उन्होंने बताया कि एकीकृत बागवानी विकास मिशन के अंतर्गत शाकभाजी योजना में लाभार्थियों को हाईटेक नर्सरी से पौध तैयार करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही उच्च गुणवत्ता वाली पौध के साथ प्लास्टिक मल्चिंग एवं घेरवार के लिए अनुमन्य सहायता भी प्रदान की जाएगी, जिससे जनपद में हाई वैल्यू सब्जियों का उत्पादन बढ़ाया जा सके।
वर्तमान में हाईटेक नर्सरी में लगभग 75,000 पौधों की बुआई की जा चुकी है तथा आगामी 10 दिनों में और 75,000 पौधों की बुआई पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अतिरिक्त, बागवानी फसलों के निर्यात को बढ़ावा देने हेतु शाकभाजी की उन्नत खेती करने वाले किसानों को यूपीएसएचईबी योजना के अंतर्गत हार्टीनेट के माध्यम से एपीडा पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अपील की गई।
अधिक जानकारी हेतु किसान मोबाइल नंबर 9121066898 एवं 6392626116 पर संपर्क कर सकते हैं।