संवाददाता | कानपुर देहात
कानपुर देहात।
जनपद में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं पुलिस–जन संवाद को सशक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक महोदया श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय द्वारा थाना सिकन्दरा क्षेत्र में पुलिस बल के साथ रात्रि पैदल गश्त (पैट्रोलिंग) की गई। इस दौरान उन्होंने आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं एवं चिंताओं को सुना तथा सतत सुरक्षा का आश्वासन दिया।
रात्रि गश्त का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति दर्शाते हुए आमजन के बीच सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत करना था। पुलिस अधीक्षक महोदया ने नववर्ष के अवसर एवं वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए नागरिकों से सतर्क रहने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जनपद पुलिस का निरंतर प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस करे और निर्भय होकर अपने दैनिक जीवन एवं पर्व-त्योहारों का आनंद ले सके।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात, संबंधित क्षेत्राधिकारीगण सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। यह पहल जनपद पुलिस की समुदाय के प्रति प्रतिबद्धता और पुलिस–जन मैत्री को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
पुलिस अधीक्षक महोदया ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की रात्रि गश्त एवं जनसंवाद कार्यक्रम भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।