संवाददाता | कानपुर देहात
कानपुर देहात।
उत्तर प्रदेश के मा० उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनपद कानपुर देहात की तहसील सिकंदरा अंतर्गत राजपुर नगर पंचायत में आयोजित विकास परियोजनाओं के लोकार्पण, अमृत सरोवर के शिलान्यास एवं कंबल वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की।
कार्यक्रम में मा० कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, राज्यमंत्री अजीत सिंह पाल, मा० विधान परिषद सदस्य अविनाश सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान, राजपुर नगर पंचायत अध्यक्ष अंशू त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
मा० उप मुख्यमंत्री ने पं० दीनदयाल आदर्श नगर पंचायत योजना, मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना, अमृत-2 योजना एवं वंदन योजना के अंतर्गत कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। साथ ही शीतलहर से प्रभावित गरीब व निराश्रित नागरिकों को कंबल वितरित कर राहत प्रदान की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मूल मंत्र के साथ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आज सरकारी योजनाएं पारदर्शी ढंग से हर वर्ग तक पहुंच रही हैं और देश एवं प्रदेश की अर्थव्यवस्था निरंतर सशक्त हो रही है। उन्होंने बताया कि भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में चौथे स्थान पर पहुंच चुकी है, जो सुदृढ़ नीतियों का परिणाम है।
मा० उप मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह को नववर्ष 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए नागरिकों से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील की, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके। अपने संबोधन में उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए देश की एकता व अखंडता में उनके योगदान को स्मरण किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राकेश सचान एवं राज्यमंत्री अजीत सिंह पाल ने भी जनसमूह को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में जनपद स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।