पुखरायां में जन्मदिवस समारोह में पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, प्रेमा कटियार की प्रतिमा का किया अनावरण

संवाददाता | कानपुर देहात

कानपुर देहात।
उत्तर प्रदेश के मा० उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनपद कानपुर देहात के पुखरायां स्थित प्रेमा कटियार शिक्षण संस्थान में आयोजित पूर्व विधायक विनोद कुमार कटियार के जन्मदिवस कार्यक्रम में सहभागिता कर उन्हें जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को नववर्ष 2026 की मंगलकामनाएं भी प्रेषित कीं।

कार्यक्रम के दौरान मा० उप मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व विधायक विनोद कुमार कटियार की पूज्य माता स्वर्गीय श्रीमती प्रेमा कटियार की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया। यह क्षण भावुक व प्रेरणादायी रहा, जिसमें शिक्षा एवं सामाजिक मूल्यों के प्रति समर्पण का संदेश निहित था।

अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री ने केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने लोकतांत्रिक सहभागिता को मजबूत करने के उद्देश्य से नागरिकों से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

कार्यक्रम में दिव्यांगजनों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत को मा० उप मुख्यमंत्री ने ध्यानपूर्वक सुना और उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उन्होंने पूर्व विधायक विनोद कुमार कटियार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों की प्रशंसा की तथा मा० राष्ट्रपति द्वारा प्राप्त सम्मान/पुरस्कार के लिए उन्हें बधाई दी।

इस अवसर पर मा० सांसद रमेश अवस्थी, मा० कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, मा० पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल सहित संबंधित अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। यह आयोजन सामाजिक सहभागिता, शिक्षा के प्रति समर्पण और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का सशक्त संदेश देने वाला रहा।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *