जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट से हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
संवाददाता | उरई/जालौन
उरई।
जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) संजय कुमार द्वारा जनपद जालौन से चयनित 40 प्रशिक्षु स्वयंसेवकों को आपदा मित्र प्रशिक्षण हेतु कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर राज्य आपदा मोचन बल, लखनऊ के लिए रवाना किया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के अंतर्गत स्वयंसेवकों को 12 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं जैसे बाढ़, भूकंप, आकाशीय विद्युत, डूबने की घटनाएं, अग्निकांड, सर्पदंश आदि से स्वयं की सुरक्षा तथा अन्य नागरिकों के जीवन की रक्षा करने के व्यावहारिक एवं तकनीकी उपायों की जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य आपदा के समय जनपद स्तर पर प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, जिला आपदा विशेषज्ञ अचल श्रीवास्तव, आपदा लिपिक जयंत तिवारी एवं मोहित श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी कलेक्ट्रेट परिसर में उपस्थित रहे।
प्रशासन की यह पहल आपदा प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा आपात स्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी सहायता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।