जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जिला कारागार कानपुर देहात का संयुक्त निरीक्षण

कानपुर देहात | दिनांक — 19.12.2025

दिनांक 19.12.2025 को मा० रविन्द्र सिंह, जनपद न्यायाधीश, मा० कपिल सिंह, जिलाधिकारी, श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात, मा० हिमांशु कुमार, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रणविजय सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी तथा ए० के० सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा पुलिस बल के साथ जिला कारागार, कानपुर देहात का संयुक्त निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जनपदीय अधिकारियों द्वारा कारागार की पाकशाला एवं गल्ला गोदाम का निरीक्षण किया गया, जहाँ अनाज एवं भोजन की गुणवत्ता का गहन परीक्षण किया गया। अधिकारियों द्वारा भोजन व्यवस्था एवं साफ-सफाई की सराहना की गई।

तत्पश्चात महिला बैरक का निरीक्षण किया गया, जहाँ महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों को गिफ्ट हैम्पर वितरित किए गए। महिला बंदियों से उनके मुकदमों से संबंधित विधिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं की जानकारी ली गई। इस दौरान महिला बंदियों हेतु संचालित “ब्यूटी पार्लर कोर्स” की भी अधिकारियों द्वारा प्रशंसा की गई।

इसके उपरांत किशोर बैरक, अस्पताल वार्ड एवं अन्य सभी अहातों का निरीक्षण किया गया। कारागार में निरुद्ध बंदियों से उनके मुकदमों से संबंधित समस्याओं के विषय में पूछताछ की गई। कुछ बंदियों द्वारा अपने मामलों से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया गया, जिनके निराकरण हेतु मा० जनपद न्यायाधीश के निर्देशानुसार संबंधित को आवश्यक कार्यवाही/पत्राचार करने के निर्देश दिए गए। कारागार स्तर से किसी प्रकार की कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई।

निरीक्षणकर्ता अधिकारियों द्वारा कारागार में बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही भोजन, चिकित्सीय एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया गया तथा स्वच्छता व्यवस्था की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई।

इस अवसर पर कारागार अधीक्षक धीरज कुमार, कारापाल विजय कुमार पाण्डेय, उप कारापाल राजेश कुमार, विजय लक्ष्मी सिंह, आरती शर्मा, चिकित्साधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह तोमर, फार्मासिस्ट मनोज साहू, वरिष्ठ सहायक बृज किशोर सोनवानी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *