जिलाधिकारी का निर्देश – त्योहार से पहले विशेष अभियान चलाकर सभी सड़कें हों गड्ढामुक्त

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई पर भी जोर

जालौन, 19 सितम्बर 2025।
त्योहारों के मद्देनज़र जिले की सड़कों को बेहतर और सुगम बनाने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सभी विभागों को विशेष अभियान चलाकर सड़कें गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी दो माह के भीतर जनपद की हर सड़क दुरुस्त हो जानी चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, मंडी परिषद, जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत, नगर पालिका, नगर पंचायत, सिंचाई विभाग और विकास प्राधिकरण के अधिशासी अभियंताओं को स्पष्ट आदेश दिए कि नगर और ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करें।

उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि मनरेगा के तहत ग्रामीण सड़कों की गड्ढामुक्ति कराई जाए। वहीं, लोक निर्माण विभाग और ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को आदेशित किया गया कि प्रमुख मार्गों, संपर्क मार्गों और पंचायत क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत तत्काल शुरू की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटान व सफाई भी प्राथमिकता पर कराई जाए, ताकि यातायात सुचारू रहे और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *