8 विकास खंडों में 6 नवंबर तक होंगे आयोजन, हाईस्कूल-इंटर पास 18 से 45 वर्ष के अभ्यर्थी कर सकेंगे प्रतिभाग
संवाददाता
कानपुर देहात।
जनपद के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से 29 अक्टूबर से 6 नवंबर 2026 तक आठ विकास खंडों में ब्लॉक स्तरीय रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी के निर्देश पर आयोजित इन मेलों में जीडीएक्स ग्रुप, नोएडा के माध्यम से निजी क्षेत्र में रोजगार पाने का अवसर मिलेगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी विपिन कुमार यादव ने बताया कि सभी निर्धारित तिथियों पर रोजगार मेले सुबह 10:30 बजे से शुरू होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 29 अक्टूबर को अमरौधा, 30 अक्टूबर को राजपुर, 31 अक्टूबर को संदलपुर, 2 नवंबर को डेरापुर, 3 नवंबर को झींझक, 4 नवंबर को मैथा, 5 नवंबर को अकबरपुर और 6 नवंबर को रसूलाबाद विकास खंड में रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा।
हाईस्कूल-इंटर पास अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका
रोजगार मेले में हाईस्कूल या इंटरमीडिएट उत्तीर्ण 18 से 45 वर्ष तक के अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकेंगे। निर्धारित शारीरिक मानकों के अनुसार अभ्यर्थियों की लंबाई 168 सेंटीमीटर और वजन 55 किलोग्राम होना चाहिए। इच्छुक अभ्यर्थियों को आधार कार्ड, शैक्षिक प्रमाणपत्रों की मूल प्रति और छायाप्रति तथा पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा।
नियोजक करेंगे अभ्यर्थियों का चयन
रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों का चयन संबंधित नियोजकों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा। अभ्यर्थियों को यात्रा भत्ता अथवा अन्य किसी व्यय का भुगतान नहीं किया जाएगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी विपिन कुमार यादव ने युवाओं से अपील की है कि वे अपने विकास खंड में निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर रोजगार मेले में प्रतिभाग करें और उपलब्ध रोजगार अवसरों का लाभ उठाएं।