हड़ताल के बीच जालौन प्रशासन ने संभाली खाद वितरण की कमान, 261 किसानों को मिली डीएपी

जिलाधिकारी के निर्देश पर चार केंद्रों से हुआ खाद का वितरण, जिले के 23 केंद्रों पर की गई वैकल्पिक व्यवस्था

संवाददाता
उरई/जालौन।

रबी सीजन में किसानों को खाद की किल्लत से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था की है। सहकारी समितियों के सचिवों और कर्मचारियों की हड़ताल के बीच जिलाधिकारी समीर के निर्देश पर जिले के चार उर्वरक बिक्री केंद्रों से 261 किसानों को डीएपी खाद वितरित की गई। इससे रबी फसलों की बुवाई की तैयारी कर रहे किसानों को राहत मिली है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता शिव कुमार ने विभिन्न उर्वरक बिक्री केंद्रों का निरीक्षण कर वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान क्रय-विक्रय समिति उरई से 75, सहकारी संघ कैथेरी से 60, जालौन बुंदेलखंड बहुउद्देशीय सहकारी समिति से 66 और पीसीएफ कृषक सेवा केंद्र से 60 किसानों को डीएपी उपलब्ध कराई गई।

23 केंद्रों पर की गई वैकल्पिक व्यवस्था

जिलाधिकारी समीर ने स्पष्ट किया कि किसानों को समय से खाद उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। हड़ताल के कारण खाद वितरण प्रभावित न हो, इसके लिए सहकारी संघों, क्रय-विक्रय समितियों, पीसीएफ और आईएफएफडीसी सहित विभिन्न संस्थाओं के कुल 23 केंद्रों पर उर्वरक बिक्री की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खाद की उपलब्धता और वितरण की नियमित निगरानी करने तथा किसानों को अनावश्यक परेशानी से बचाने के निर्देश दिए। प्रशासन का जोर पारदर्शी और व्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करने के साथ रबी सीजन में खाद की आपूर्ति बनाए रखने पर है।

समस्या होने पर इस नंबर पर करें संपर्क

उर्वरक की उपलब्धता या वितरण से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए किसान सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता के मोबाइल नंबर 9412421992 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *