चक्रवात ‘अर्णब’ को लेकर कृषि विभाग अलर्ट, किसानों को फसल बचाने की सलाह

संभावित भारी बारिश और वज्रपात से फसलों की सुरक्षा के लिए एडवाइजरी जारी, तैयार फसल काटने और खुले में रखे अनाज को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की अपील

संवाददाता
कानपुर देहात।

बंगाल की खाड़ी में विकसित चक्रवाती मौसम तंत्र ‘अर्णब’ के मद्देनजर कृषि विभाग ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। संभावित भारी वर्षा और वज्रपात से फसलों को होने वाले नुकसान से बचाने के लिए विभाग ने एडवाइजरी जारी कर जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है।

जिला कृषि अधिकारी प्राची पांडे ने किसानों से कहा है कि जो फसलें कटाई के लिए तैयार हैं, उनकी जल्द कटाई कर लें। कटी हुई फसल और खुले में रखे अनाज को सुरक्षित एवं ढके हुए स्थानों पर पहुंचाएं। इस कार्य में किसान मंडी समितियों का सहयोग भी ले सकते हैं।

गांवों में किसानों को किया जाएगा जागरूक

कृषि कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे गांवों में मुनादी कराने के साथ स्थानीय मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से किसानों को मौसम की स्थिति और जरूरी सावधानियों के प्रति जागरूक करें।

वज्रपात से बचाव के लिए बरतें सावधानी

जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से मौसम और वज्रपात संबंधी चेतावनियों के लिए दामिनी ऐप डाउनलोड करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रतिकूल मौसम के दौरान खेतों, जलभराव वाले क्षेत्रों और ऊंचे पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचें, ताकि किसी अनहोनी से सुरक्षित रहा जा सके।

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे जारी एडवाइजरी का पालन करें और मौसम संबंधी चेतावनियों की जानकारी अन्य किसानों तक भी पहुंचाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *