राजस्व, बिजली, सड़क, पेयजल और भूमि विवाद से जुड़ी शिकायतों पर अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश
संवाददाता
कानपुर देहात।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याएं और शिकायतें गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, विकास कार्य, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, विद्युत, पेयजल, सड़क और पुलिस सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने विभागवार शिकायतों का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और प्रत्येक प्रकरण को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए निर्धारित समयसीमा में उसका गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें।
जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का प्रभावी समाधान कर प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत करना है।