श्मशान घाट तक रास्ते का निर्माण शुरू, डीएम के निर्देश पर हरकत में आया प्रशासन

डीसी मनरेगा ने मौके पर पहुंचकर लिया निर्माण कार्य का जायजा, गुणवत्ता के साथ समय से काम पूरा करने के निर्देश

संवाददाता
उरई/जालौन।

ग्राम पंचायत भदेवरा के मजरा नगेपुर में ग्रामीणों को श्मशान घाट तक पहुंचने में हो रही परेशानी को देखते हुए जिलाधिकारी समीर के निर्देश पर रास्ते का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। यह निर्माण कार्य वीबी-जी राम जी योजना के तहत कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिल सके।

जिलाधिकारी के निर्देश पर डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराने पर जोर दिया।

ग्रामीणों की समस्याओं के निस्तारण के निर्देश

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरी विकास कार्यों को प्राथमिकता देना और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

रास्ता बनने से ग्रामीणों को मिलेगी राहत

श्मशान घाट तक पहुंचने के लिए रास्ते का निर्माण शुरू होने से ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद लोगों को श्मशान घाट तक पहुंचने में सुविधा होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *