डीएम कपिल सिंह ने खाद्य पदार्थों के नमूने बढ़ाने और मेडिकल स्टोरों के सघन निरीक्षण के दिए निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
संवाददाता
कानपुर देहात।
आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों और नकली दवाओं का कारोबार करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी कपिल सिंह ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों को मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने, नियमित रूप से नमूने एकत्र करने और मेडिकल स्टोरों का सघन निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता और अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार की उपस्थिति में जिला स्तरीय खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें खाद्य पदार्थों में मिलावट और नकली व अमानक दवाओं की बिक्री रोकने के साथ आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री और दवाएं उपलब्ध कराने के लिए विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में डीएम ने जिला अस्पताल की कैंटीन से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी जांच कराने के निर्देश दिए। आगामी पर्वों एवं त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों की नियमित जांच और नमूना संग्रहण बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बड़े खाद्य प्रतिष्ठानों, निर्माण इकाइयों और मीट विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने खाद्य कारोबारियों को अनिवार्य पंजीकरण एवं लाइसेंस की व्यवस्था के दायरे में शत-प्रतिशत लाने तथा मिलावटी खाद्य सामग्री के निर्माण और बिक्री के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही, न्याय निर्णायक अधिकारी एवं न्यायालयों में लंबित मामलों की प्रभावी पैरवी कर अधिक से अधिक प्रकरणों का निस्तारण कराने पर भी जोर दिया।
नकली दवाएं बेचने वालों पर रहेगी नजर
औषधि प्रशासन की समीक्षा के दौरान डीएम ने औषधि निरीक्षक को जनपद के मेडिकल स्टोरों का सघन निरीक्षण करने और नकली एवं अमानक दवाओं की बिक्री पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित अधिकारी नियमित निरीक्षण, नमूना संग्रहण और नियमों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।
मिलावट की शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी
खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा अन्य अनियमितताओं की शिकायत दर्ज कराने के लिए विभागीय हेल्पलाइन नंबर 18001805533 का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश भी दिए गए। इसका उद्देश्य लोगों को शिकायत दर्ज कराने के लिए जागरूक करना और शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जय गोविंद, बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, औषधि निरीक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।