जिला सैनिक बंधु की बैठक में डीएम कपिल सिंह ने अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
संवाददाता
कानपुर देहात।
कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में जिला सैनिक बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों और वीर नारियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान पर जोर दिया गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार और विंग कमांडर अंकित सक्सेना भी मौजूद रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने पूर्व सैनिकों, उनके परिवारों और वीर नारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का नियमानुसार परीक्षण कर उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बरतते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए। विभिन्न विभागों से संबंधित प्रकरणों में आपसी समन्वय बनाकर आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि पात्र व्यक्तियों को समय से राहत और सहायता मिल सके।
बैठक का मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों और वीर नारियों की समस्याओं का प्रभावी समाधान कर उन्हें प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना रहा। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, पूर्व सैनिक, उनके आश्रित और वीर नारियां उपस्थित रहे।