आईजीआरएस रैंकिंग में जालौन को प्रदेश में प्रथम और सीएम डैशबोर्ड पर दूसरा स्थान दिलाने में अहम योगदान
संवाददाता
उरई/जालौन।
जनपद में उत्कृष्ट कार्य और बेहतर पुलिसिंग के लिए पुलिस अधीक्षक जालौन ने 12 अक्टूबर 2026 को सीसीटीएनएस/आईजीआरएस प्रभारी उपनिरीक्षक रणधीर सिंह तथा डायल-112 की पीआरवी 8835 पर तैनात पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। एसपी ने सभी के कार्यों की सराहना करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रशंसा की।
उपनिरीक्षक रणधीर सिंह ने सीसीटीएनएस/आईजीआरएस सेल प्रभारी के रूप में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराया। साथ ही सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में सुधार के लिए प्रभावी कार्रवाई की। उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप जनपद जालौन को आईजीआरएस रैंकिंग में प्रदेश में प्रथम तथा सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ।
वहीं, डायल-112 की पीआरवी 8835 पर तैनात कांस्टेबल जीतेश कुमार, कांस्टेबल जितेंद्र सिंह और चालक होमगार्ड चंद्रशेखर पाल ने तत्परता का परिचय देते हुए सराहनीय कार्रवाई की। डायल-112 पर सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों ने तत्काल कॉलर से संपर्क किया और कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस के साथ मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक ने दोनों मामलों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस सम्मान से पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन हुआ और उन्हें भविष्य में भी इसी तरह निष्ठा, तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिली।