डीएम-एसपी ने शांति समिति की बैठक में दिए निर्देश, सुरक्षा, बिजली और साफ-सफाई की तैयारियों की समीक्षा
अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर, नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं
संवाददाता
उरई/जालौन
उरई। आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए जिलाधिकारी समीर एवं पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अराजक तत्वों और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाए तथा शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि नवरात्रि और दशहरा आस्था, परंपरा तथा सामाजिक सद्भाव के प्रतीक हैं। सभी लोग इन पर्वों को आपसी प्रेम, भाईचारे और पारस्परिक सम्मान के साथ मनाएं। उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने और सभी उप जिलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में संबंधित क्षेत्राधिकारियों के साथ भ्रमण करने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय आयोजकों और धर्मगुरुओं से समन्वय बनाए रखने को कहा, ताकि किसी भी समस्या का समय रहते समाधान किया जा सके।
बिजली, स्वास्थ्य और साफ-सफाई पर विशेष जोर
डीएम ने विद्युत विभाग को जर्जर एवं ढीले तार तत्काल दुरुस्त कराने और निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी से जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं एवं आवश्यक दवाएं उपलब्ध रखने को कहा गया। वहीं, नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अधिशासी अधिकारियों और जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया।
विसर्जन मार्गों पर निगरानी, यातायात की बनेगी कार्ययोजना
जिलाधिकारी ने प्रतिमा विसर्जन स्थलों और मार्गों पर भीड़ नियंत्रण तथा यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पहले से कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कोई नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी कार्यक्रम पूर्व से प्रचलित परंपराओं के अनुसार ही आयोजित होंगे और आयोजकों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।
इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी को होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई की दुकानों का निरीक्षण करने तथा खाद्य पदार्थों की नियमित सैंपलिंग कराने के निर्देश दिए गए, ताकि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी रखी जा सके।
अफवाहों से बचें, संदिग्ध गतिविधियों की दें सूचना
पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और बिना पुष्टि के उसे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से प्रसारित न करें। उन्होंने लोगों से त्योहारों को आपसी सद्भाव के साथ मनाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस-प्रशासन को देने की अपील की।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) शत्रुहन पाठक, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एच.एन. प्रसाद सहित संबंधित अधिकारी, गणमान्य नागरिक और विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु मौजूद रहे।