आज अकबरपुर इंटर कॉलेज में होगी जनपद स्तरीय रंगोली प्रदर्शनी, विद्यार्थी दिखाएंगे रचनात्मक हुनर
संवाददाता
कानपुर देहात
अकबरपुर। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 7 अक्टूबर को अकबरपुर इंटर कॉलेज में जनपद स्तरीय रंगोली प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10:30 बजे होगा। जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में आयोजित होने वाली इस प्रदर्शनी में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी अपनी आकर्षक एवं रचनात्मक रंगोलियों के माध्यम से सेवा, सुशासन, विकास, जनकल्याण और विकसित भारत-2047 की परिकल्पना को रंगों के जरिए प्रस्तुत करेंगे।
रंगों के जरिए दिखेगी विकास की तस्वीर
प्रदर्शनी में विद्यार्थी अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और सामाजिक बदलाव से जुड़े विषयों को रंगोली के रूप में प्रदर्शित करेंगे। रंग-बिरंगे रंगों से सजी आकर्षक कलाकृतियों के जरिए विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता और कला कौशल देखने को मिलेगा।
विकसित भारत के संकल्प से जुड़ेंगे नागरिक
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और देश-प्रदेश में हुए बदलावों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना है।
जनप्रतिनिधि और आमजन भी होंगे शामिल
रंगोली प्रदर्शनी में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों और आमजन की सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
बेसिक शिक्षा विभाग ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रदर्शनी का अवलोकन करने और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।