जालौन मॉडल की तर्ज पर कानपुर देहात में वैज्ञानिक जांच को मजबूती

सर्किल स्तर पर मिनी फील्ड यूनिट का शुभारंभ, घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का दिया गया डेमो

संवाददाता
कानपुर देहात

कानपुर देहात। जालौन मॉडल की तर्ज पर कानपुर देहात पुलिस ने अपराधों की वैज्ञानिक जांच और साक्ष्य संकलन को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र यमुना प्रसाद एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय की मौजूदगी में सर्किल स्तर पर तैयार मिनी फील्ड यूनिट का शुभारंभ किया गया।

घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का दिया डेमो

मिनी फील्ड यूनिट के शुभारंभ के बाद टीम ने घटनास्थल के निरीक्षण और वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक डेमो प्रस्तुत किया। इसमें घटनास्थल को सुरक्षित रखने, वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जुटाने, उनकी पैकेजिंग और संरक्षण के साथ विवेचना में प्रभावी इस्तेमाल की प्रक्रिया प्रदर्शित की गई।

अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल से मिलने वाले महत्वपूर्ण साक्ष्यों को समय रहते सुरक्षित करना विवेचना के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसके लिए प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों को वैज्ञानिक एवं तकनीकी प्रक्रियाओं के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए गए।

प्रशिक्षण प्राप्त पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित

पूर्व में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले पुलिसकर्मियों को डीआईजी यमुना प्रसाद एवं एसपी श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्यों के सटीक संकलन, सुरक्षित संरक्षण और सही तरीके से उपयोग की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।

विवेचना की गुणवत्ता में आएगा सुधार

पुलिस के अनुसार, सर्किल स्तर पर मिनी फील्ड यूनिट के गठन से घटनास्थल पर वैज्ञानिक साक्ष्यों का त्वरित, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण संकलन सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। इससे महत्वपूर्ण साक्ष्यों के सुरक्षित संरक्षण के साथ उनकी विवेचना में उपयोगिता भी बढ़ेगी।

अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से अपराधों की वैज्ञानिक जांच को मजबूती मिलने के साथ विवेचना की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामलों की जांच को अधिक प्रभावी बनाने में यह व्यवस्था उपयोगी साबित होगी।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, सभी क्षेत्राधिकारी तथा पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *