अभिलेखों के रखरखाव, लंबित मामलों और कार्यालयीन कार्यों की समीक्षा, दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
संवाददाता
कानपुर देहात
कानपुर देहात। पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र कानपुर यमुना प्रसाद ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय कानपुर देहात का वार्षिक निरीक्षण किया। पुलिस कार्यालय पहुंचने पर पुलिस बल ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद डीआईजी ने पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का बारीकी से निरीक्षण करते हुए कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
पत्र व्यवहार और अपराध शाखा के अभिलेखों की जांच
निरीक्षण के दौरान पत्र व्यवहार शाखा में प्राप्त एवं निर्गत पत्रों के रजिस्टर, लंबित प्रकरणों, पत्रावलियों के आवागमन, डायरी प्रविष्टियों और डिजिटल अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति परखी गई। डीआईजी ने संबंधित अधिकारियों से लंबित मामलों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वहीं अपराध शाखा में मासिक एवं त्रैमासिक अपराध आंकड़ों की शुद्धता, अभिलेखों में की गई प्रविष्टियों तथा उच्चाधिकारियों को भेजी जाने वाली रिपोर्टों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। उन्होंने अभिलेखों में प्रविष्टियां समय से दर्ज करने और रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने पर जोर दिया।
साफ-सफाई और रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने के निर्देश
डीआईजी ने पुलिस कार्यालय परिसर की स्वच्छता, विभिन्न शाखाओं की व्यवस्थाओं और अभिलेखागार का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभिलेखों को व्यवस्थित और सुरक्षित रखने के साथ कार्यालयीन कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कार्यालय में आने वाले प्रकरणों और पत्रावलियों पर समय से कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे अनावश्यक रूप से मामले लंबित न रहें।
निर्माणाधीन भवन की भी परखी प्रगति
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने पुलिस कार्यालय परिसर में निर्माणाधीन भवन का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता के संबंध में जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, समस्त क्षेत्राधिकारी तथा पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।