11 अक्टूबर तक मौसम रहेगा खतरनाक, वज्रपात-तेज हवाओं का अलर्ट

40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं झोंकेदार हवाएं, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

संवाददाता
कानपुर देहात

कानपुर देहात। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, लखनऊ की चेतावनी के बाद कानपुर देहात में 7 से 11 अक्टूबर तक मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लेने की अपील की है।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यन्त कुमार मौर्य ने जनपदवासियों से सावधानी बरतने के साथ एंड्रॉयड मोबाइल में ‘सचेत’ और ‘दामिनी’ ऐप डाउनलोड करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इन ऐप के माध्यम से मिलने वाली पूर्व चेतावनियों और एडवाइजरी का पालन कर संभावित नुकसान को कम किया जा सकता है।

बिजली चमके तो खुले स्थान से तुरंत हटें

प्रशासन ने वज्रपात के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। मेघगर्जन और बिजली चमकने के दौरान खुले स्थान से तत्काल किसी पक्के भवन में शरण लें। खिड़की-दरवाजों, छत और बरामदे से दूर रहें।

तालाब, नदी और अन्य जलाशयों के पास जाने से बचें। बिजली के खंभों, तारों, मशीनों और अन्य धातु की वस्तुओं से दूरी बनाए रखें। जर्जर भवनों, ऊंचे स्थानों और पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने की सलाह दी गई है।

बच्चों और पशुओं का रखें विशेष ध्यान

प्रशासन ने बच्चों को विशेष रूप से विद्युत उपकरणों और जलाशयों से दूर रखने की अपील की है। पशुओं को भी खुले स्थान पर न छोड़कर सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है।

यदि कोई व्यक्ति वज्रपात की चपेट में आ जाए तो तत्काल 112 पर सूचना देकर घायल को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने की अपील की गई है।

आपदा की स्थिति में 24 घंटे मिलेगी मदद

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि बाढ़ अथवा अन्य आपदा की स्थिति में सहायता एवं सूचना के लिए टोल फ्री नंबर 1077 के साथ 9044070030 और 9454416429 मोबाइल नंबर चौबीसों घंटे सक्रिय हैं।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर न जाएं और जारी मौसम संबंधी चेतावनियों एवं सुरक्षा एडवाइजरी का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *