स्वास्थ्य जांच के साथ श्रमिकों को दी गईं जरूरी सलाह, उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का हुआ सम्मान
संवाददाता
कानपुर देहात
रनियां। सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को रनियां स्थित मेसर्स कानपुर एडविल प्रा. लि. में श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 650 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के बाद श्रमिकों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ दवाएं भी वितरित की गईं।
चिकित्सकीय दल ने की स्वास्थ्य जांच
शिविर का शुभारंभ सुबह 11 बजे हुआ। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा गठित चिकित्सकीय दल ने श्रमिकों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ रक्तचाप समेत विभिन्न चिकित्सकीय परीक्षण किए। चिकित्सकों ने श्रमिकों को स्वस्थ रहने के लिए आवश्यक सावधानियों और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व की जानकारी भी दी।
श्रम विभाग की योजनाओं की दी जानकारी
सहायक श्रमायुक्त राम अशीष ने श्रमिकों को श्रम विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पात्र श्रमिकों से सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि श्रमिकों का सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान एवं जिला उपाध्यक्ष अंशू तिवारी ने श्रमिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान प्रतिष्ठान में कुशल, निष्ठावान एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर कर्मचारियों में उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में श्रम विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा प्रतिष्ठान के महाप्रबंधक मनोज शर्मा, एचआर मैनेजर सोनू तिवारी समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अंत में सहायक श्रमायुक्त राम अशीष ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रमिकों का आभार जताया।