यातायात, व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा और जनसमस्याओं पर हुई चर्चा, सुझावों के समाधान के दिए निर्देश
संवाददाता
कानपुर देहात
कानपुर देहात। जनपद में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस ने मंगलवार को जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडल पदाधिकारियों और मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित बैठक में कानपुर परिक्षेत्र के डीआईजी यमुना प्रसाद एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय मौजूद रहे। बैठक में जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों से लिया फीडबैक
बैठक के दौरान सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने क्षेत्र से जुड़ी समस्याएं और अपने सुझाव पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखे।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त समस्याओं का नियमानुसार समाधान कराने तथा संबंधित विभागों एवं पुलिस इकाइयों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
पत्रकारों से भी किया संवाद
इसके बाद पत्रकारों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पुलिस की कार्यप्रणाली, जनसुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। पत्रकारों ने जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखे।
डीआईजी एवं एसपी ने पत्रकारों द्वारा उठाए गए बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर बेहतर समन्वय के लिए संवाद की प्रक्रिया लगातार जारी रहनी चाहिए।
पुलिस-जन सहयोग मजबूत करने पर जोर
डीआईजी यमुना प्रसाद ने कहा कि जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और मीडिया के साथ निरंतर संवाद एवं समन्वय से पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग को और मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आमजन से मिलने वाले फीडबैक और सुझावों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक सुधार एवं कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, समस्त क्षेत्राधिकारी तथा पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।