मारपीट में घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मौत, गैर-इरादतन हत्या का आरोपी गिरफ्तार

रसूलाबाद पुलिस ने गांव से करीब 100 मीटर पहले दबोचा, मामले में छह आरोपियों के खिलाफ दर्ज है मुकदमा

संवाददाता
कानपुर देहात

रसूलाबाद। थाना रसूलाबाद पुलिस ने मारपीट की घटना में घायल वृद्ध की इलाज के दौरान हुई मौत के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को उसके गांव रिवरी इटैली में घर से करीब 100 मीटर पहले से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।

पुलिस के मुताबिक, 20 जुलाई 2026 को ग्राम रिवरी इटैली निवासी संदीप ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके और उसके माता-पिता के साथ आरोपियों ने लाठी-डंडों से मारपीट की। इस दौरान गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया था। घटना में संदीप के पिता जयकरन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

इलाज के दौरान हुई मौत, बढ़ाई गईं धाराएं

पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर 21 जुलाई को मुकदमा दर्ज कर छह आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई थी। घायल जयकरन सिंह का उपचार चल रहा था, लेकिन 19 सितंबर 2026 को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने विवेचना और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में गैर-इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं की बढ़ोतरी की।

एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

इसी क्रम में रसूलाबाद पुलिस टीम ने 2 अक्टूबर को शाम करीब 5:15 बजे वांछित आरोपी अरविन्द पुत्र रामसिंह (38 वर्ष) निवासी ग्राम रिवरी इटैली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजेश प्रताप सिंह, कांस्टेबल विवेक कुमार और कांस्टेबल नेत्रपाल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *