तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, पत्नी की मौत, पति गंभीर घायल

हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों ने लगाया जाम, पुलिस ने समझाकर खुलवाया

संवाददाता
राजपुर (कानपुर देहात)

राजपुर। जल्लापुर-कुंवरपुर संपर्क मार्ग पर शनिवार को तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दंपती को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में महिला डंपर के पहिये की चपेट में आकर करीब 20 मीटर तक घिसट गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए सड़क पर जाम लगा दिया।

रूरा थाना क्षेत्र के इंदरूख गांव निवासी वेदप्रकाश अपनी पत्नी सरोज कुमारी उर्फ गुड्डी (40) के साथ बाइक से देवराहट थाना क्षेत्र के कल्ला गांव स्थित रिश्तेदारी में जा रहे थे। जल्लापुर गांव के पास कुंवरपुर मार्ग पर बालू लोड करने डंपिंग स्थल की ओर जा रहे डंपर ने उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार डंपर की चपेट में आ गए। हादसे में सरोज कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वेदप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद सड़क पर लगाया जाम

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने जल्लापुर-कुंवरपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर राजपुर और सट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को समझाया, जिसके बाद जाम खुलवाया गया। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मां की मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

मां की मौत की खबर सुनकर पुत्र जयंत (16) और पुत्री सृष्टि (15) का रो-रोकर बुरा हाल रहा। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

राजपुर प्रभारी निरीक्षक संजेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर डंपर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *