शिमला मिर्च, टमाटर, फूलगोभी समेत कई फसलों के बीज उपलब्ध
संवाददाता
कानपुर देहात
कानपुर देहात। एकीकृत बागवानी विकास मिशन एवं मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना के तहत ऑनलाइन पंजीकरण कराने वाले किसानों के लिए राहत की खबर है। जिला उद्यान विभाग की ओर से विभिन्न शाकभाजी एवं औद्यानिक फसलों के बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
जिला उद्यान अधिकारी डॉ. बल्देव प्रसाद ने बताया कि योजनाओं के तहत शिमला मिर्च, टमाटर, पत्तागोभी, फूलगोभी, लौकी, तरोई और कद्दू सहित विभिन्न कद्दूवर्गीय फसलों के बीज उपलब्ध हैं। इसके अलावा लेमनग्रास, रजनीगंधा, स्ट्रॉबेरी और ड्रैगन फ्रूट समेत अन्य औद्यानिक फसलों के बीज भी किसानों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने ऑनलाइन पंजीकरण कराने वाले किसानों से अपील की है कि वे तीन दिवस के भीतर जिला उद्यान कार्यालय पहुंचकर फील्ड स्टाफ के माध्यम से बीज प्राप्त कर लें। निर्धारित समयावधि के बाद बीज प्राप्त न करने की स्थिति में संबंधित किसान स्वयं जिम्मेदार होंगे।
विभाग ने किसानों से निर्धारित समय सीमा का ध्यान रखते हुए जिला उद्यान कार्यालय पहुंचकर योजना का लाभ लेने और उद्यानिकी फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने की अपील की है। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए 7652024326 पर संपर्क किया जा सकता है।